IPL 2022 Mega Auction Update : आईपीएल 2022 की तैयारी जितनी तेजी के साथ चल रही थीं, उतनी ही अब खामोशी है. न तो टीमों की ओर से कोई अपडेट आ रहा है और न ही बीसीसीआई के आला अधिकारी कुछ कह रहे हैं. ऐसे में ऐसा लगने लगा है कि कुछ हो ही नहीं रहा है. लेकिन हो बहुत कुछ रहा है. इस बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि लखनऊ की टीम अभी तक अपने तीन खिलाड़ियों का ऐलान क्यों नहीं कर पा रही है. जबकि सच्चाई तो ये है कि आईपीएल 2022 के रिटेंशन से पहले ही लखनऊ के दो खिलाड़ियों के नाम सामने आ गए थे कि ये खिलाड़ी लखनऊ की टीम से जुड़ सकते हैं. लेकिन रिटेंशन हुए अब 15 से भी ज्यादा दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक नामों का ऐलान नहीं किया गया है. वहीं आईपीएल की एक और नई टीम अहमदाबाद का भी मामला फंसा हुआ है.
दरअसल अभी तक बीसीसीआई ने अहमदाबाद की टीम को लैटर ऑफ इंटेंट नहीं दिया है. मामले में कानूनी पेंच है. इसलिए बीसीसीआई की ओर से इसकी जांच की जा रही है. हालांकि टीम का ऐलान तो पहले ही हो गया था, लेकिन उसके बाद शिकायत मिलने के बाद सवाल उठाए जाने लगे और बीसीसीआई ने जांच से पहले मीटिंग की और लगातार इसको लेकर चीजें पता की जा रही हैं. अब पता चला है कि बीसीसीआई ने अहमदाबाद की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज को नियुक्त किया है. यही कारण है कि अभी तक मेगा ऑक्शन की तारीख भी सामने नहीं आई है. साथ ही लखनऊ की टीम से भी बीसीसीआई ने कहा है कि जब तक अहमदाबाद की टीम को हरी झंडी नहीं मिल जाती, तब तक वे भी अपने खिलाड़ियों का ऐलान नहीं कर पाएंगे. इसीलिए उनका भी काम रुका हुआ है. इस बीच खबरें इस तरह की आ रही हैं कि पंजाब के कप्तान रहे केएल राहुल और राशिद खान अगले साल के लिए लखनऊ की टीम से खेलते हुए नजर आने वाले हैं. वहीं तीसरा खिलाड़ी कौन होगा, ये भी देखना दिलचस्प होगा.
अभी तक संभावना जताई जा रही थी कि आईपीएल 2022 का मेगा ऑक्शन जनवरी के पहले या फिर दूसरे हफ्ते में हो सकता है, लेकिन अब अगर लैटर ऑफ इंटेंट में देरी होती है तो मेगा ऑक्शन की डेट भी आगे बढ़ जाएगी. माना जा रहा है कि बीसीसीआई की ओर से जो भी मामला है, उसका खुलासा जल्द ही किया जाएगा. पता चला जाएगा कि अहमदाबाद की टीम आईपीएल खेलेगी या नहीं. जैसे ही लैटर ऑफ इंटेंट मिलेगा मेगा ऑक्शन की तारीख भी आ जाएगी और साथ ही खिलाड़ियों के नाम भी सामने आने शुरू हो जाएंगे
Comments
Post a Comment